उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां मोबाइल नेटवर्क की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने टेलिकॉम कंपनी के नेटवर्क टावर पर तैनात कर्मचारी को ही बंधक बना लिया और उसे टावर से बाँध दिया. इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है.
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला जनपद के बिन्दकी थाना क्षेत्र का है. यहां के ग्रामीणों का आरोप है कि दो सालों से मोबाइल नेटवर्क की समस्या बनी हुई है. जिससे लोगों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. शिकायत के बाद भी लोगों की मुश्किलें कम नहीं हुईं.
टावर चेक करने पहुंचा था कर्मचारी
टेलिकॉम कंपनी का कर्मचारी टावर चेक करने आया था तभी ग्रामीणों ने उसे पकड लिया और अपनी नाराजगी जाहिर की. इस बीच लोगों ने उसे रस्सी के सहारे टावर से ही बाँध दिया और मौके पर अधिकारियों को बुलाने की मांग करने लगे. इस बीच किसी ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है. वायरल वीडियो और घटनाक्रम की जांच की जा रही है. पुलिस की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कर्मचारी को किस परिस्थिति में टावर से बांधा गया और इस मामले में किन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.